जनपद में प्रेम विवाह का एक मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया, जहां नवविवाहित जोड़े ने अपने ही परिजनों से खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का कहना है कि अपनी मर्जी से विवाह करने के कारण उसके मायके पक्ष के लोग लगातार उसे और उसके पति को धमका रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेड़ी निवासी काजल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बालिग है। कुछ समय पहले मोरना क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात दीपक नामक युवक से हुई थी। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।
युवती के अनुसार जब दोनों ने अपने-अपने परिवारों को विवाह के बारे में बताया तो युवक के परिजनों ने सहमति जता दी, लेकिन उसके घरवालों ने इस रिश्ते का विरोध किया। आरोप है कि परिवार के लोगों ने उस पर संबंध खत्म करने का दबाव बनाया और नाराजगी भी जताई।
बताया जाता है कि इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से कानूनी प्रक्रिया के तहत विवाह कर लिया और साथ रहने लगे। विवाह के बाद भी युवती का आरोप है कि उसके मायके पक्ष के लोग लगातार फोन कर धमकियां दे रहे हैं और उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कह रहे हैं।
इसी आशंका के चलते नवविवाहित जोड़ा मुजफ्फरनगर स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचा और लिखित प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
