मुजफ्फरनगर, 14 मार्च 26। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को मेरठ रोड स्थित विकास भवन में प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों और गैस एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पूरी व्यवस्था की पड़ताल की।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर और जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने गैस सिलेंडरों की देरी से आपूर्ति, वितरण में अनियमितता और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने साफ कहा कि घरेलू गैस जैसी जरूरी सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाया गया तो संबंधित एजेंसियों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए ठोस कदम उठाने के लिए भी कहा।
इस दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था लागू की जा रही है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं तक समय से सिलेंडर पहुंचाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रशासन और विभागों के समन्वय से जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
