मुजफ्फरनगर, 14 मार्च 26। जिले में गैस की कमी और कालाबाजारी की चर्चाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि जनपद में एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि किसी प्रकार की किल्लत नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर नगर स्थित दीपक गैस सर्विस (आईओसी) और सरवट इंडेन गैस सर्विस (आईओसी) के कार्यालय व गोदाम का निरीक्षण किया गया। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें अवगत कराया गया कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त सप्लाई है और किसी भी प्रकार की अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं है।
निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई कि जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें। गैस की बुकिंग अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही करें या तेल कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग करें। अधिकारियों ने बताया कि कभी-कभी तकनीकी कारणों से सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण समस्या आ सकती है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी महसूस होती है।
इसके साथ ही टीम ने आनंदपुरी स्थित मॉडर्न सर्विस स्टेशन (आईओसी) पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की जांच की, जहां ईंधन पर्याप्त मात्रा में पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि जिले के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की कोई कमी नहीं है।
जांच के दौरान मेरठ रोड स्थित फूड एंड मूड होटल, देवेंद्र फास्ट फूड और पंडित जी शुद्ध भोजनालय (रुड़की रोड) सहित कई प्रतिष्ठानों पर भी औचक निरीक्षण किया गया, जहां घरेलू गैस के दुरुपयोग की कोई शिकायत सही नहीं पाई गई। हालांकि होटल व ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी हालत में घरेलू गैस का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्य में न करें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी कि घरेलू गैस की कालाबाजारी या अवैध इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ लगातार जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
