मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरकाजी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 8 किलो डोडा पोस्त के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद माल को सील कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पर पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर दाबकी खेड़ा के निकट सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े तीन व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 8 किलो डोडा पोस्त तथा 6 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसंत कुमार पुत्र सुनील निवासी ग्राम घुमावटी थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर, मनप्रीत पुत्र बलविंदर निवासी कमलपुर चांदपुरी थाना खानपुर जनपद हरिद्वार तथा सरवन कुमार पुत्र लाल बाबू पासबान निवासी आलमपुर कोठी थाना विभूतिपुर जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के तार अन्य जनपदों से जुड़े हो सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में नशे के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
