शामली। स्क्रैप के व्यापार में सस्ता माल दिलाने का लालच देकर एक व्यापारी से करीब डेढ़ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मुजफ्फरनगर के युवक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शामली को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर के मोहल्ला लाहौरी गेट निवासी अजीम पुत्र यामीन ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी अतीक अहमद पुत्र शमीम से हुई थी। बातचीत के दौरान अतीक ने खुद को स्क्रैप का बड़ा सप्लायर बताते हुए कम कीमत में भारी मात्रा में माल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने विश्वास में लेने के लिए उसे हिमाचल प्रदेश की एक फैक्ट्री में ले जाकर वहां पड़े स्क्रैप का माल दिखाया और सौदा तय कराने की बात कही। इसी दौरान एडवांस के तौर पर उसने अपने खाते में 51 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद आरोपी अजीम को उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के ज्वालापुर क्षेत्र में स्थित एक अन्य फैक्ट्री में ले गया और वहां भी स्क्रैप का माल दिखाते हुए सौदा पक्का कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उसने एक लाख रुपये और अपने खाते में डलवा लिए।
आरोप है कि कुल मिलाकर करीब डेढ़ लाख रुपये लेने के बाद भी आरोपी ने माल उपलब्ध नहीं कराया और लगातार बहाने बनाकर टालता रहा। बाद में पीड़ित ने संबंधित फैक्ट्री संचालकों से संपर्क किया तो उसे आरोपी के बारे में संदेहजनक जानकारी मिली, जिससे उसे अपने साथ ठगी का पता चला।
मामले को लेकर अजीम ने पुलिस अधीक्षक शामली को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group