शामली। जनपद शामली के कांधला क्षेत्र से प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की मांग का मामला सामने आया है। करीब दस वर्षों से एक-दूसरे को चाहने वाले युवक-युवती ने अदालत में विवाह करने के बाद अब अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार कांधला कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी आसिफ का पिछले करीब दस वर्षों से आयशा सलमानी पुत्री नसीम के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ बताए जाते हैं। लंबे समय तक विरोध झेलने के बाद दोनों ने 11 मार्च को गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज कर कानूनी रूप से विवाह कर लिया।
विवाह के बाद दोनों मीडिया के सामने आए और बताया कि शादी की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज हो गए हैं। दंपति का आरोप है कि आयशा के पिता नसीम, चाचा नईम और भाई अमन इस विवाह का विरोध कर रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
आयशा का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से आसिफ के साथ विवाह किया है और वह अपने पति के साथ सुरक्षित जीवन बिताना चाहती है। वहीं आसिफ ने भी प्रशासन से गुहार लगाई कि उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
दंपति ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सुरक्षा दिलाने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यदि सुरक्षा को लेकर लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
