मुजफ्फरनगर। ईद के त्योहार से पहले शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच चोरी की एक चालाक वारदात सामने आई है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पंजाबी मार्केट में एक बुर्का पहने महिला ने कपड़ों की दुकान में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और मौका मिलते ही महंगा सूट उठाकर फरार हो गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाबी मार्केट में स्थित वृंदा कलेक्शन गारमेंट्स पर ईद की खरीदारी को लेकर ग्राहकों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान बुर्का पहने एक महिला दुकान में आई और कपड़े देखने के बहाने काफी देर तक काउंटर के आसपास मंडराती रही। दुकानदार और कर्मचारी अन्य ग्राहकों को सामान दिखाने में व्यस्त थे। इसी बीच महिला ने चालाकी से एक महंगा लेडीज़ सूट उठाया और उसे अपने बुर्के में छिपा लिया।
बताया जाता है कि महिला कुछ देर बाद बिना खरीदारी किए ही दुकान से बाहर निकल गई। बाद में जब दुकान का स्टॉक चेक किया गया तो एक कीमती सूट गायब मिला। शक होने पर दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें बुर्कानशीं महिला सूट छिपाकर ले जाते हुए साफ दिखाई दी।
दुकान संचालक ने मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दे दी है और फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। पुलिस ने आसपास के बाजार क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी के आधार पर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ईद के मौके पर हुई इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से इस तरह की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group