मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में तेवड़ा-चौरावाला मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार तेवड़ा गांव निवासी शाहनवाज (22) पुत्र यामीन अपनी मोटरसाइकिल से चौरावाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर फरमान (21) पुत्र राशिद तथा उसका साथी आरिफ (19) निवासी चौरावाला सवार थे, से आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शाहनवाज को मृत घोषित कर दिया। वहीं फरमान और आरिफ की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर भोपा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का कारण प्रतीत हो रहा है।
बताया जा रहा है कि शाहनवाज ईद के अवसर पर रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
