मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर में रविवार को पारिवारिक कहासुनी ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया, जब भतीजे ने अपने ही चाचा पर गोली चला दी। गोली लगने से चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार गांव शेरनगर निवासी याकूब का किसी घरेलू बात को लेकर अपने भतीजे नौमान से विवाद हो गया था। बताया जाता है कि दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मामला बढ़ता चला गया। इसी दौरान गुस्से में आए नौमान ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली याकूब को जा लगी और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल याकूब को तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते घटना होने की बात सामने आई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group