गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब बैंक के सुरक्षा गार्ड ने शाखा प्रबंधक को गोली मार दी। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल प्रबंधक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय अभिषेक शर्मा, जो मूल रूप से पटना (बिहार) के निवासी थे, अगस्त 2025 से इस बैंक शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात थे। वह गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। सोमवार को बैंक के सुरक्षा गार्ड रवींद्र हुड्डा, निवासी जनपद बागपत, से छुट्टी को लेकर उनका विवाद हो गया था।
बताया जाता है कि सुरक्षा गार्ड कुछ दिनों से छुट्टी मांग रहा था, लेकिन छुट्टी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सोमवार को दोपहर करीब 1:45 बजे गार्ड बैंक पहुंचा और सीधे मैनेजर के केबिन में चला गया। वहां दोनों के बीच फिर तीखी बहस हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर गार्ड ने अपनी राइफल से प्रबंधक के सीने पर गोली चला दी। गोली लगते ही अभिषेक शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
बैंक कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एसीपी लोनी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group