मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पलड़ी नहर पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और मेरठ जनपद के चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कई अवैध पिस्टल, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार भी अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शाहपुर थाना पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में सवार कुछ युवक अवैध हथियारों की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पलड़ी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद तितावी की दिशा से आती स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर कार से 7 अवैध पिस्टल (.32 बोर), 3 तमंचे (.315 बोर) और कई जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकिल पुत्र सलाउद्दीन, फरहान पुत्र इमरान, मोहम्मद तालिब पुत्र मोहम्मद आबिद तथा शाहरुख पुत्र शौकीन अहमद के रूप में हुई है। चारों आरोपी मेरठ जनपद के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अवैध हथियारों को सस्ते दामों पर खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अधिक कीमत पर बेचते थे। आरोपियों के मुताबिक, करीब 40 हजार रुपये में खरीदी गई पिस्टल को 65 से 70 हजार रुपये तक तथा लगभग 6 हजार रुपये में खरीदे गए तमंचे को 10 हजार रुपये तक में बेचा जाता था। पुलिस को आशंका है कि आगामी चुनावों के दौरान हथियारों की मांग बढ़ने के कारण यह गिरोह बड़ी मात्रा में हथियार सप्लाई करने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group