मुजफ्फरनगर, 16 मार्च 26। सोशल मीडिया पर सस्ते मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को मुजफ्फरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साइबर क्राइम थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी ऑनलाइन ऑफर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था और एडवांस भुगतान लेते ही संपर्क तोड़ देता था।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान सचिन स्वामी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून का रहने वाला है और कुछ समय से मुजफ्फरनगर के गांधी कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग एप के माध्यम से महंगे मोबाइल फोन, प्रिंटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराने के विज्ञापन पोस्ट करता था।
जांच में सामने आया कि जब कोई व्यक्ति इन ऑफरों के झांसे में आकर संपर्क करता था तो आरोपी उसे भरोसा दिलाने के लिए सामान की तस्वीरें, फर्जी बिल और कूरियर से भेजने की बात करता था। इसके बाद वह पीड़ित से यूपीआई या बैंक ट्रांसफर के माध्यम से एडवांस भुगतान करा लेता था। पैसे मिलते ही आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर देता और सोशल मीडिया अकाउंट भी हटा देता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं। तकनीकी जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच कर रही है
