मुजफ्फरनगर, 16 मार्च 26। विकासखंड पुरकाजी में सोमवार को “तहसील आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्रीय ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने बिजली, राशन कार्ड, राजस्व, समाज कल्याण, पुलिस प्रशासन और जिला प्रोबेशन विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
मंत्री अनिल कुमार ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिकायतें लंबित नहीं रहनी चाहिए और आमजन को समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस दौरान एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी, सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा तथा तहसीलदार राधेश्याम गौड़ को प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
