मुजफ्फरनगर, 16 मार्च 26।  दिल्ली–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतौली क्षेत्र के तिगाई गांव के समीप रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में डबल डेकर टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों की चीख-पुकार से क्षेत्र गूंज उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त डबल डेकर बस देहरादून से गुरुग्राम की ओर जा रही थी। रात करीब तीन बजे खतौली बाईपास पर अचानक बस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार तेज थी और अचानक नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। बस पलटते ही कई यात्री उसके भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस व प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल खतौली के सेंट फ्रांसिस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
दुर्घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर सामान्य कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group