मुज़फ्फरनगर। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव मलीरा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों में बाधा बनने पर युवक की हत्या की गई थी।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि गांव मलीरा निवासी 32 वर्षीय संदीप पुत्र राजवीर का शव बीते दिन गांव के निकट जंगल क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। परिजनों की तहरीर पर थाना नई मंडी में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी मीनाक्षी के व्यवहार पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार मीनाक्षी का अपने ममेरे भाई गौतम उर्फ सौरभ निवासी जनपद शामली से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। संदीप को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगा, जिससे घर में आए दिन विवाद होने लगे।
घटना की रात मीनाक्षी ने संदीप के भोजन में नींद की गोलियां मिला दीं। जब वह अचेत हो गया तो उसने पूर्व नियोजित योजना के तहत गौतम को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर संदीप के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल पर रखकर गांव के बाहर सुनसान स्थान पर फेंक दिया, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
