मुजफ्फरनगर, 17 मार्च 26।  जनपद के खतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पाल में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश के चलते एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरविंद पुत्र टीकाराम सुबह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार अज्ञात युवक गांव में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले घर के बाहर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। गोली की आवाज सुनकर जैसे ही अरविंद बाहर आए, हमलावरों ने उन पर सीधे फायर झोंक दिया। गोली उनके हाथ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद भी घायल अरविंद ने साहस दिखाते हुए हमलावरों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने तत्काल घायल को खतौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, करीब एक माह पूर्व 6 फरवरी को एक बारात समारोह के दौरान अरविंद का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि उसी विवाद ने बाद में रंजिश का रूप ले लिया और हमला उसी का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीणों में चर्चा है कि हमलावरों में कुछ स्थानीय युवक भी शामिल हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group