मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से जुड़े ऑनलाइन मॉड्यूल पर कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद से एक छात्र को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान हारिस अली (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मानकमऊ, थाना नकुड़ क्षेत्र, जिला सहारनपुर का निवासी बताया गया है। आरोपी मुरादाबाद में रहकर बीडीएस (बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी) द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
एटीएस अधिकारियों के अनुसार खुफिया जानकारी के आधार पर काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच में सामने आया कि युवक सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद एटीएस की टीम ने उसे मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी इंस्टाग्राम, डिस्कॉर्ड और “सेशन” जैसे सुरक्षित मैसेजिंग एप का उपयोग कर आईएसआईएस से जुड़ी सामग्री साझा करता था। वह कथित रूप से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने के लिए अलग-अलग ऑनलाइन समूह भी संचालित कर रहा था। इसके अलावा उसने इंटरनेट पर “अल इत्तेहाद मीडिया फाउंडेशन” नाम से एक प्लेटफॉर्म बनाकर प्रचार गतिविधियां चलाने की भी कोशिश की थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था के स्थान पर कट्टरपंथी शासन व्यवस्था स्थापित करने की विचारधारा से प्रभावित था और विदेशी ऑनलाइन हैंडलरों से संपर्क में रहने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसियां उसके डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया खातों की गहन पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एटीएस ने आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल उसे अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
