सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के जियावन थाना क्षेत्र स्थित धनहा गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। युवक अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उसकी तय हो रही शादी रुकवाने की मांग पर अड़ा रहा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनहा गांव निवासी एक युवक का उसी क्षेत्र की युवती के साथ काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। हाल ही में युवती के परिजनों द्वारा उसका विवाह अन्य स्थान पर तय किए जाने की सूचना मिलते ही युवक आक्रोशित हो उठा। इसी के चलते वह गांव के पास लगे लगभग 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से अपनी बात रखने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। देखते ही देखते मामला चर्चा का विषय बन गया और कई लोग वीडियो बनाने में जुट गए। उधर, सूचना पाकर जियावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम में पुलिस व परिजनों ने युवक को समझाने-बुझाने की लगातार कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे थाने लाकर समझाइश दी गई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
