मुजफ्फरनगर, 17 मार्च 2026। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति-5.0’ के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के अंतर्गत टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों के आसपास पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता के लिए पंफलेट भी वितरित किए गए।
महिलाओं को डायल-112, वुमेन पावर लाइन-1090, हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, एंबुलेंस सेवा-108 और स्वास्थ्य सेवा-102 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही जनसुनवाई पोर्टल एवं स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना एवं महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी प्रमुख सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए महिलाओं को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे समाज में विश्वास और जागरूकता का माहौल और सुदृढ़ हो ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group