मुजफ्फरनगर, 17 मार्च 2026। जनपद में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला महिला चिकित्सालय में संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ने वाली जानलेवा बीमारी है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन बेहद प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण अभियान सरकार द्वारा निःशुल्क चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं सुरक्षित रह सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए यह अभियान एक मजबूत पहल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों को समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी प्रदीप शर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर प्रियंका तोमर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया और प्रक्रिया का निरीक्षण भी किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर उपस्थित बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के लाभ, महत्व और संभावित दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अहम भूमिका निभाती है।
जनपद में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी पात्र बालिकाओं को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्कूलों और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group