नोएडा/जेवर, 18 मार्च 2026। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को कब्जामुक्त कराया। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जेवर क्षेत्र के कई गांवों में फैली अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट के नजदीक जमीनों की कीमतों में तेजी से वृद्धि के चलते भू-माफिया सक्रिय हो गए थे। ये लोग बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के खेतों में सड़कों का जाल बिछाकर प्लॉटिंग कर रहे थे और आम लोगों को सस्ते प्लॉट का झांसा देकर बिक्री कर रहे थे। कई स्थानों पर बाउंड्री वॉल, अस्थायी निर्माण और कच्चे मकान भी खड़े कर दिए गए थे।
अभियान के दौरान जेवर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में चिन्हित अवैध निर्माणों को भारी मशीनों की मदद से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में लगभग 350 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group