मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2026। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जनपद में नौ दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला का भव्य शुभारंभ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रथम दिन लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेस वार्ता का सीधा प्रसारण आईटीआई परिसर में किया गया, जिसे जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, लोकदल जिला अध्यक्ष संजय राठी, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर सहित अन्य अधिकारियों व उपस्थित जनसमूह ने देखा।
इसके उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल एवं एमएलसी वंदना वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत पांच चयनित लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, वहीं उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना के तहत तीन बालक-बालिकाओं को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
आईटीआई परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन शिक्षा के विषय पर एक सेमिनार का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक और शिक्षा के नए आयामों से अवगत कराया गया। सेमिनार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और जनपद में विकास यात्रा के नौ वर्षों की उपलब्धियों को व्यापक रूप से प्रस्तुत किया गया।
