मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2026। जनपद में किसानों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पिछली किसान दिवस में उठाई गई समस्याओं के निस्तारण की जानकारी किसानों को दी। साथ ही कृषि एवं उससे जुड़े विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया, ताकि किसान इनका लाभ उठा सकें।
किसानों ने बैठक में खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। विशेष रूप से जनपद के गन्ना तौल केंद्रों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए और उनकी जांच की मांग की गई। इसके अलावा जल निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में खराब किए गए रास्तों को दुरुस्त कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। किसानों ने बताया कि पाइपलाइन कार्यों के बाद कई गांवों के रास्ते बदहाल स्थिति में हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि गन्ना तौल केंद्रों की जांच कराई जाएगी और जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल निगम द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए रास्तों को जल्द ही ठीक कराया जाएगा।
बैठक में विद्युत विभाग की लापरवाही पर भी नाराजगी जताई गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और इसकी रिपोर्ट जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आगामी किसान समाधान दिवस में समय से उपस्थित रहें और समस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें।
कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी ने किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया। बैठक में प्रशासन और किसानों के बीच सीधे संवाद से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group