मुजफ्फरनगर। शादी समारोह की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब खतौली क्षेत्र में बारात से लौट रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर खतौली कोतवाली क्षेत्र के भैंसी कट के पास की है। जानकारी के अनुसार ग्राम तिस्सा निवासी प्रमोद कुमार के बेटे की बारात जानसठ क्षेत्र के एक गांव में गई थी। वापसी के दौरान कुछ बाराती सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी मेरठ की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 28 वर्षीय दीपक पुत्र राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप, अरविंद, राहुल, मोहित, सोनू और अन्य कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की खतौली कोतवाली टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। कार को कब्जे में लेकर उसकी नंबर प्लेट के आधार पर स्वामी की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजमार्ग पर स्पीड कंट्रोल और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group