मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2026। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को जिला स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें जनपद भर से आई टीमों ने दमखम दिखाते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वाधान में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन कबड्डी मुकाबलों ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के सचिव श्री रामपाल सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद मैदान में उतरी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया। बालिका वर्ग में रसूलपुर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर खिताब अपने नाम किया, जबकि काकड़ा की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग में बीजोपुरा की टीम विजेता बनी और मुजफ्फरनगर स्टेडियम की टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर पूर्व प्रमुख शाहपुर ब्लॉक श्री अनुज एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कुमारी अनु ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रैकसूट एवं खेल सामग्री देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और निर्णायकों का भी सम्मान किया गया। प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह यादव एवं उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई ने अतिथियों को बैज पहनाकर स्वागत किया।
प्रतियोगिता में श्री प्रदीप कुमार (अंशकालिक प्रशिक्षक), श्री मनीष शर्मा, श्री सुशील कुमार, श्री बलिंदर सिंह, श्री शमशाद, श्री गौरव एवं श्री कमल सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के श्री राजीव कुमार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group