मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2026। जनपद के शाहपुर क्षेत्र में बाल विकास विभाग की गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी शाहपुर द्वारा विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम काकड़ा, बसीकला, पलड़ी और शोरम में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों एवं टीकाकरण सत्रों की व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही टीकाकरण सत्रों में लाभार्थियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य मानकों का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम सोराम एवं पलड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक आयोजित कर उन्हें विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत फॉर्म फीडिंग, पोषण ट्रैकर ऐप पर बच्चों का वजन नियमित रूप से दर्ज करने तथा टीएचआर का एफआरएस के माध्यम से पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध और सही तरीके से पहुंचे, इसके लिए निगरानी और जवाबदेही को और सख्त किया जाएगा।
