मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2026। विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-1) मुजफ्फरनगर द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को टाउन हॉल परिसर में विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संचालित होगा।
अधिशासी अभियंता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कैंप में शहर के सभी विद्युत उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। कैंप के दौरान उपभोक्ता अपने बिजली बिल जमा कर सकेंगे, बिलों में संशोधन करा सकेंगे, नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे तथा सोलर संबंधित शिकायतों का निस्तारण भी कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, लोड बढ़ाने, मीटर से जुड़ी समस्याओं और अन्य वाणिज्यिक शिकायतों के समाधान के लिए भी विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विद्युत विभाग ने सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं। यह कैंप उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
