मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 2026 | विशेष संवाददाता
जनपद मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी की नवगठित जिला कार्यकारिणी को लेकर उपाध्याय समाज में गहरा असंतोष उभरकर सामने आया है। मोरना स्थित गंगा पब्लिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक अहम बैठक में समाज के लोगों ने भाजपा पर खुलकर नाराजगी जताई और इसे “सीधी अनदेखी” करार दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे भारतीय उपाध्याय समाज के जिलाध्यक्ष मास्टर बिजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भाजपा ने जिले की नई कार्यकारिणी बनाते समय उपाध्याय समाज को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। न तो जिला स्तर पर कोई प्रतिनिधित्व दिया गया और न ही नगरपालिकाओं में नामित सभासदों की सूची में समाज के लोगों को स्थान मिला।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उपाध्याय समाज वर्षों से भाजपा का मजबूत समर्थक और वोट बैंक रहा है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी द्वारा इस तरह की अनदेखी समाज के आत्मसम्मान पर चोट है। “जब हम हर चुनाव में पार्टी के साथ खड़े रहे, तो आज हमें किनारे क्यों किया गया?”—यह सवाल बैठक में बार-बार गूंजता रहा।
बैठक में मौजूद समाज के अन्य वक्ताओं ने भी एक सुर में कहा कि अगर समय रहते भाजपा ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया और उपाध्याय समाज को उचित सम्मान व भागीदारी नहीं दी, तो आने वाले चुनावों में इसका सीधा असर देखने को मिलेगा। समाज भाजपा का बहिष्कार कर देगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे, जिन्होंने हाथ उठाकर विरोध दर्ज कराया और संगठन को आगे की रणनीति बनाने के लिए अधिकृत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group