मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 26। जनपद में आने वाले त्योहारों को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत किया गया है। इसके तहत जनपद को 9 जोन और 21 सेक्टर में बांटकर प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारियों और पुलिस बल की स्पष्ट जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में तैयार की गई इस रणनीति के तहत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। शहर के मुख्य बाजार, धार्मिक स्थल, प्रमुख चौराहे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी और रिजर्व फोर्स को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की जा रही है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बना रहे। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।
प्रशासन की ओर से सभी जोनल और सेक्टर प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और छोटी से छोटी सूचना पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस-प्रशासन की इस व्यापक तैयारियों के चलते जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता साफ दिखाई दे रही है, जिससे त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group