मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 26। थाना नई मंडी क्षेत्र के कुकड़ा गांव की अहमदनगर कॉलोनी में बिजली कनेक्शन को लेकर सामने आए गड़बड़ी के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। कथित अवैध वसूली और बाद में मीटर हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों और किसानों ने दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विभाग से जुड़े कुछ कर्मचारियों व संविदा कर्मियों ने कॉलोनी के लोगों से बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूली।
ग्रामीणों के अनुसार अहमदनगर कॉलोनी के करीब दस परिवारों ने लगभग छह माह पूर्व बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रत्येक कनेक्शन के एवज में हजारों रुपये लिए गए और कुल मिलाकर करीब ढाई लाख रुपये तक की वसूली की गई। इसके बाद उपभोक्ताओं को कनेक्शन दे दिए गए, लेकिन कुछ समय बाद ही विभागीय कार्रवाई के नाम पर उन्हीं घरों से मीटर उखाड़ लिए गए।
इस घटनाक्रम से कॉलोनी में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने पंचायत कर आंदोलन का निर्णय लिया। गुरुवार को किसान संगठनों के बैनर तले लोग हाईवे स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन लोगों से धनराशि ली गई है, उन्हें तत्काल वैध कनेक्शन दिए जाएं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदर्शन में सालिम त्यागी, हाजी इंतजार, महाराज जसवीर नाथ, योगेश उर्फ कप्तान गुर्जर सहित कई किसान नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group