मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 2026। जनपद में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को आपूर्ति विभाग, गैस विक्रय अधिकारियों और सभी गैस वितरकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में गैस उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने और अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, हालांकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी बनी हुई है। इस पर संबंधित कंपनियों द्वारा जल्द ही कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया गया। प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को पहले सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, इसके बाद अन्य व्यावसायिक इकाइयों को आपूर्ति की जाएगी।
जिलाधिकारी ने गैस वितरकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम और बैकलॉग के आधार पर समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं तथा अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि गोदामों पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने मिड-डे मील योजना के तहत विद्यालयों को प्राथमिकता से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को अपने प्रतिष्ठानों और गोदामों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही हॉकरों की नियमित जांच करने और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एलपीजी वितरण से जुड़े नए नियमों की भी जानकारी दी गई। स्पष्ट किया गया कि जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें एक कनेक्शन तत्काल वापस करना होगा और एलपीजी की बुकिंग नहीं करनी होगी, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सके।
इसके अलावा उपभोक्ताओं को अवगत कराया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के बाद ही गैस रिफिल बुकिंग का प्रावधान है, जिसका पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। ई-केवाईसी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण पूर्व में एजेंसियों पर भीड़ रही, जो अब लगभग समाप्त हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी वितरक या उपभोक्ता की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अंत में प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। साथ ही गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं और मीडिया के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
