मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के चौरावाला- मुरना मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम चौरावाला निवासी राकेश उर्फ मिन्टू (50 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपने परिचित संजय पुत्र धर्मवीर कश्यप (35 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से मोरना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ईदगाह चौक के निकट पहुंचे, सामने से आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजय की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
