मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 2026। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खंड खतौली में गुरुवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 86 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर नई जीवन यात्रा की शुरुआत की। इनमें 59 हिंदू एवं 27 मुस्लिम जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा व वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर गौतम सिंह, अभिषेक गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, ग्राम प्रधान संगठन के ओमवीर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला द्वारा किए गए संचालन में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला, जहां उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
सरकार द्वारा निर्धारित सामग्री नवविवाहित जोड़ों को प्रदान की गई, वहीं ग्राम प्रधान संगठन की ओर से सभी जोड़ों को उपहार स्वरूप घड़ियां भेंट की गईं। कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को मिष्ठान वितरण के साथ विदाई दी गई। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे और इस सामाजिक पहल की सराहना की
