मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जनपद में वृहद रोजगार मेले का आयोजन जानसठ रोड स्थित एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी परिसर में किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से आयोजित इस मेले में 2047 युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से अपराह्न 3 बजे तक 1072 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और रोजगार सृजन के प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, विधायक राजपाल सिंह बालियान सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मेले में एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलआईसी समेत 48 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। संस्थान द्वारा 19 एमओयू भी किए गए, जिससे छात्रों को प्रशिक्षण व रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
