मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 26। जनपद में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शुक्रताल स्थित निर्मोही अखाड़े के महंत बाबा विष्णु दास को गौशाला के लिए जमीन दिलाने का भरोसा देकर 28 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना भोपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हासिम, प्रवीन, दिलशाद, सुखविन्दर, फैजाव, रवीश और अब्दुल कादिर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पीड़ित को विश्वास में लिया। गिरोह के एक सदस्य ने खुद को लेखपाल बताकर जमीन संबंधी प्रक्रिया को विश्वसनीय बनाने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। दो आरोपियों ने जमीन दिखाने और सौदे को अंतिम रूप देने में भूमिका निभाई।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी हासिम पिछले कई वर्षों से बाबा विष्णु दास के यहां कार्यरत था, जिससे उसे परिवार का विश्वास हासिल था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर गिरोह ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 22 लाख रुपये नगद, फर्जी दस्तावेज तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पूछताछ में अन्य संभावित मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
घटना के खुलासे के बाद पीड़ित बाबा विष्णु दास ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय कार्य के लिए भोपा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group