मुजफ्फरनगर, 19 मार्च 26। नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में गुरुवार को एक साधारण विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परचून की दुकान पर सामान लेने की बारी को लेकर शुरू हुई कहासुनी जातीय तनाव में बदल गई और आरोप है कि इसके बाद दबंग पक्ष ने दलित परिवार के घर पर हमला कर दिया। घटना में महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं।
मोहल्ला निवासी किरणपाल सुबह एक स्थानीय दुकान पर घरेलू सामान लेने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां मौजूद अजब सिंह ठाकुर से पहले सामान लेने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणी की गई, जिससे मामला और भड़क गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद अजब सिंह अपने 10–15 साथियों के साथ किरणपाल के घर पहुंचा और वहां घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने के भी आरोप लगे हैं।
हमले में अर्जुन, सत्यम, कुणाल सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक युवक के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है, जबकि अन्य के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में हमलावरों को गली में घुसकर मारपीट करते देखा जा सकता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
