मुजफ्फरनगर। जनपद के अलमासपुर क्षेत्र में स्थित अलमासपुर गैस एजेंसी पर अव्यवस्थाओं का आलम इस कदर देखने को मिला कि तेज बारिश के बीच भी उपभोक्ताओं को खुले आसमान के नीचे घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। सिलेंडर लेने पहुंचे बुजुर्ग , युवा और बच्चों को एजेंसी परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जिससे लोगों में रोष फैल गया।
बताया गया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए अलमासपुर गैस गोदाम पर पहुंच गए थे, लेकिन कर्मचारियों द्वारा गेट बंद कर बाहर ही लाइन लगवा दी गई। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिससे लोग भीगते रहे, लेकिन एजेंसी प्रबंधन ने कोई व्यवस्था नहीं की।
लाइन में लगे उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की आपूर्ति पहले से ही अनियमित चल रही है, ऊपर से इस तरह की व्यवस्था ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि अंदर से कुछ लोगों को सीधे सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि आम जनता को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस पूरे मामले में एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन लगातार बढ़ती शिकायतों के चलते अब प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
