बागपत। नवरात्रि के पहले ही दिन व्रत का भोजन लोगों के लिए मुसीबत बन गया। जनपद बागपत में कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थ खाने के बाद एडीएम (न्यायिक) समेत कुल 9 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और सभी मरीजों को आनन-फानन में जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण, उनके फालोअर सतीश कश्यप और सुरक्षा कर्मी नरेशपाल सहित अन्य लोगों ने नवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने पकवान का सेवन किया था। भोजन करने के कुछ ही समय बाद सभी को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों में फूड पॉयजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कुट्टू के आटे को ही बीमारी का कारण माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाजार में बिक रहा आटा पुराना या दूषित हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम सक्रिय हो गई। शहर के विभिन्न दुकानों और गोदामों पर छापेमारी कर कुट्टू के आटे के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना गुणवत्ता जांच के कोई भी खाद्य सामग्री बिक्री के लिए न रखें।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि व्रत के दौरान उपयोग में आने वाले खाद्य पदार्थ केवल विश्वसनीय और पैक्ड ब्रांड के ही खरीदें तथा एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। खुले में बिक रहे कुट्टू के आटे से परहेज करने की सलाह दी गई है।
