मुजफ्फरनगर/खतौली। कस्बे के एक रिहायशी इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाले अश्वनी शर्मा निवासी खतौली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके ही घर के कमरे से बरामद हुआ।जबकि मृतक पिछले करीब दो दिनों से लापता चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, अश्वनी शर्मा 18 मार्च की शाम घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। लगातार संपर्क करने के बावजूद उनका मोबाइल फोन बंद मिलता रहा। तलाश के दौरान उनकी बाइक कॉलोनी के बाहर खड़ी मिली, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।
गुरुवार शाम परिजन जब घर पहुंचे तो अंदर कमरे में अश्वनी का शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मौके की स्थिति को देखते हुए मामला पहली नजर में संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कमरे के भीतर से शराब की बोतल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अश्वनी का किसी से विवाद या लेन-देन से जुड़ा मामला भी जांच के दायरे में लाया जाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, लेन-देन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group