मुजफ्फरनगर/तितावी। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में एक युवक की अवैध हथियार के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। वायरल फोटो में युवक हाथ में देशी तमंचा लिए दिखाई दे रहा है, जबकि साथ में कथित रूप से धमकी भरे शब्द भी साझा किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह युवक तितावी क्षेत्र के छतैला गांव का निवासी वहाब है। फोटो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वायरल सामग्री में युवक के अंदाज और कथित संदेश को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल फोटो की सत्यता और युवक की पहचान की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार वैध है या अवैध और फोटो कब व कहां की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में अवैध हथियार रखने या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
