मुजफ्फरनगर, 20 मार्च 2026। जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता माननीय सांसद हरेंद्र मलिक एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन किसी भी स्थिति में लंबित न रखे जाएं और उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य अतिथि सांसद हरेंद्र मलिक ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना बैंकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से पीएम सूर्यघर योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं में तत्काल सुधार लाया जाए। जिन बैंकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके चेयरमैन को जिला प्रशासन स्तर से पत्र भेजे जाने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख राजेंद्र पॉल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए बैंकों की उपलब्धियों और जिले की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर ने स्वयं सहायता समूहों की सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) की समीक्षा करते हुए बैंकों को निर्देश दिया कि समूहों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
