मुजफ्फरनगर, 20 मार्च 26।  जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति अभियान’ (पेज-5, द्वितीय चरण) के अंतर्गत एक भव्य बाइक एवं पिंक स्कूटी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
रैली का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया, जिसमें महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारीगण ने बाइक व स्कूटी पर सवार होकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे मार्ग में रैली ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके भीतर आत्मविश्वास की भावना को सुदृढ़ करना रहा। रैली के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group