मुजफ्फरनगर, 20 मार्च 2026। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं कबड्डी संघ के तत्वावधान में चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आमंत्रण ओपन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवॉर्डी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी श्री संजीव बालियान उपस्थित रहे, जबकि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहारनपुर एवं मेरठ मंडल श्री जितेंद्र यादव तथा सहारनपुर मंडल के क्रीड़ाधिकारी श्री राहुल चोपड़ा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अतिथियों एवं निर्णायकों का स्वागत प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह यादव एवं उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई द्वारा बुके, मोमेंटो एवं पटका पहनाकर किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन में बाल कल्याण समिति, मुजफ्फरनगर के श्री राजीव कुमार द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 21 मार्च को विभिन्न पूलों में मुकाबले खेले जाएंगे। पूल ‘ए’ में मुजफ्फरनगर व सहारनपुर, पूल ‘बी’ में मेरठ व बागपत, पूल ‘सी’ में गाजियाबाद, मथुरा व सुल्तानपुर तथा पूल ‘डी’ में बिजनौर, शामली व हापुड़ की टीमें आमने-सामने होंगी।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
