नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को उस समय मीडिया जगत में हलचल मच गई जब देश की प्रमुख समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ इंडिया (यूएनआई) के कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल पहुंच गया और कर्मचारियों व पत्रकारों को दफ्तर खाली करने के निर्देश दिए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई कर्मचारी अपना सामान तक अंदर ही छोड़कर बाहर निकलने को मजबूर हो गए।
बताया जाता है कि नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित यूएनआई कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची और परिसर को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बताया, हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें आदेश की प्रति दिखाए बिना ही कार्यालय खाली करने के लिए कहा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों से तुरंत बाहर निकलने को कहा और कुछ कर्मचारियों को सीटों से उठाकर बाहर ले जाया गया। इस दौरान महिला कर्मचारियों ने भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए। कई पत्रकारों और कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें अपने कंप्यूटर, दस्तावेज और व्यक्तिगत सामान तक लेने का समय नहीं दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर के मुख्य गेट पर पुलिस तैनात कर दी गई और अंदर-बाहर आने जाने पर रोक लगा दी गई। कार्यालय खाली होने के बाद परिसर को प्रशासनिक नियंत्रण में ले लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई के कारण समाचार एजेंसी का कामकाज प्रभावित हो गया और कई स्थानों पर समाचार सेवा बाधित होने की बात भी सामने आई।
इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों और मीडिया से जुड़े लोगों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और आगे की कार्रवाई भी नियमों के अनुसार की जाएगी।
