मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित युवक का अपनी नाबालिग रिश्ते की साली से प्रेम प्रसंग दोनों की मौत का कारण बन गया। दोनों ने होटल में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान अजमल पुत्र उमर निवासी गांव जौला के रूप में हुई है। अजमल पहले से विवाहित था और मंदवाड़ा गांव में रोड़ी, बजरी व सीमेंट सप्लाई का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसका अपने बड़े भाई अकरम की साली, जो कि लगभग 14 वर्ष की नाबालिग किशोरी थी, से प्रेम संबंध हो गया था। कुछ दिन पहले वह किशोरी को अपने साथ लेकर घर से चला गया था, जिसके बाद किशोरी के पिता ने युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया जाता है कि गुरुवार को अजमल नाबालिग किशोरी को साथ लेकर रामपुर मनिहारान क्षेत्र के एक होटल में पहुंचा, जहां दोनों ने कमरा लिया और रात वहीं रुके। होटल में कमरा लेते समय युवक ने अपना पहचान पत्र जमा कराया, जबकि किशोरी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपनी बहन का आधार कार्ड इस्तेमाल किया।
सूत्रों के अनुसार युवक लगातार अपने एक रिश्तेदार के संपर्क में था। इसी दौरान उसने वीडियो कॉल पर जहरीले पदार्थ का पाउच दिखाकर आत्महत्या करने की बात कही। रिश्तेदार ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन कॉल कटने के कुछ ही देर बाद दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन होटल पहुंचे तो दोनों की हालत गंभीर थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन तुरंत दोनों को रामपुर मनिहारान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में शामली के कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि दोनों पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ कहां से खरीदा गया और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group