मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र के गांव कासमपुर में चौराहे पर खड़े युवकों को हटाने को लेकर हुआ मामूली विवाद बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि आधा दर्जन लोग धारदार हथियार लेकर एक व्यक्ति के घर में घुस गए और हमला कर दिया, जिसमें भाजपा नेता के भाई समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव कासमपुर निवासी अमित कुमार ने थाना भोपा में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम गांव के मुख्य चौराहे पर कुछ युवक खड़े होकर आने-जाने वालों को परेशान कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही प्रेम सिंह ने युवकों को वहां खड़े होने से मना किया और रास्ता खाली रखने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और मामला बढ़ गया। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि कुछ देर बाद करीब आधा दर्जन युवक धारदार हथियार लेकर प्रेम सिंह के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अमित कुमार और गांव निवासी पीताम्बर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद घायल दोनों व्यक्तियों को साथ लेकर पीड़ित पक्ष भोपा थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
