मथुरा। जनपद मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में गौसेवा से जुड़े संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा बाबा’ की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते बवाल और पथराव में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि संत चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा को देर रात गौतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ एक संदिग्ध वाहन का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि नवीपुर के पास तस्करों ने अपने वाहन से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने छाता क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया और कई जगह पथराव किया। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में पुलिस तैनाती बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं प्रदेश स्तर पर भी मामले का संज्ञान लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group