नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बारहवीं मंजिल की बालकनी से गिरकर तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और सोसाइटी में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सिटी-2, 7th एवेन्यू सोसाइटी की है। यहां एक परिवार बारहवीं मंजिल के फ्लैट में रहता है। बताया गया कि बच्चे की मां अपने बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने के लिए नीचे गई हुई थी, जबकि तीन वर्षीय मासूम घर में अकेला रह गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा बालकनी में पहुंच गया और रेलिंग के पास झांकते समय संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।
नीचे गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और परिजनों से जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।
सोसाइटी के कुछ निवासियों का कहना है कि बालकनी की रेलिंग में गैप अधिक था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
