मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत पर सभी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि नई मंडी थाना क्षेत्र के गांधी कॉलोनी के पास रहने वाले संजय शर्मा के परिवार में व्रत के चलते कुट्टू के आटे से रोटी और पकौड़ी बनाई गई थी। रात में भोजन करने के कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों संजय शर्मा, उनकी पत्नी पूजा शर्मा, माता विमला देवी, पुत्र आयुष, पुत्री प्रिया तथा परिवार के दो अन्य सदस्य की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, घबराहट और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
परिजनों ने पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर सभी को आनन-फानन में मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को उपचार देना शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं और आशंका है कि कुट्टू का आटा खराब या मिलावटी था।
सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मामले की जानकारी ली और कुट्टू के आटे के सैंपल जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि आटा खराब या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group