मुजफ्फरनगर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के अंतर्गत थाना तितावी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना तितावी प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक स्मैक की खेप लेकर क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 270 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक बाहर से लाकर मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना तितावी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
